बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार देर शाम तमंचे के बल पर दंपती से नकदी, जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब दंपती शादी समारोह में शामिल होने जा रहेे थे। इससे पहले कि शोरगुल पर आसपास के लोग पहुंचते, बदमाश भाग गए।
तहरीर पर पुलिस वारदात की पड़ताल कर रही है। भदोखर थाना क्षेत्र के सांड़बरा गांव निवासी उदयभान मौर्या शाम को अपनी पत्नी निर्मला के साथ बाइक से बल्ला बरौला में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। अमिरिया गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने दंपती को रोक लिया।
कनपटी पर तमंचा तान दिया और दंपती से नकदी, जेवरात लूट लिए। पीड़ित के मुताबिक बदमाशों ने पांच हजार रुपये की नकदी, तीन सोने की अंगूठी, एक जंजीर, एक झुमकी लूटी है। वारदात की जानकारी से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाने में दी है। थानेदार पन्नेलाल का कहना है कि जांच कराई जा रही है।