खीरो थाना क्षेत्र में सोमवार को पैमाइश करने गए एक लेखपाल को भी ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। किसी तरह लेखपाल जान बचाकर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने गांव के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
खीरों के श्यामपुर गांव के ग्रामीणों ने एक सप्ताह पहले एसडीएम लालगंज दिलीप कुमार से गांव में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत पर एसडीएम ने लेखपाल रामसुमेर को पैमाइश के लिए भेजा।
लेखपाल ने जैसे ही पैमाइश शुरू की, वैसे ही कुछ ग्रामीणों ने गालीगलौज करते हुए मारना-पीटना शुरू कर दिया। इस पर लेखपाल भाग खड़ा हुआ और थाने पहुंचकर मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर दी।
एसओ आरके शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर दानबहादुर, शिवशंकर, रामदुलारी, रेनू, नन्हकई को गिरफ्तार कर लिया गया है।