रायबरेली-हरचंदपुर। थाना क्षेत्र में शनिवार रात रेस्टोरेंट संचालक को पेमेंट मांगना महंगा पड़ गया। कार सवार 14 हमलावरों ने रेस्टोरेंट संचालक और उसके तीन सहयोगियों को जमकर पीटा।
रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की और गल्ले में रखे 14 हजार रुपये भी निकाल लिए। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना के बाद भी स्थानीय पुलिस देर से पहुंची।
इससे क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी दिखी। पुलिस की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तहरीर पर दो नामजद और 12 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि हमलावरों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।
लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर दयावती मोदी स्कूल के निकट रेस्टोरेंट है। रात नौ बजे क्षेत्र के सोहाईबाग निवासी रवि सिंह, कठवारा निवासी मुस्तकीम समेत 14 लोग कार पर सवार होकर रेस्टोरेंट खाना खाने पहुंचे थे।
खाने के बाद रेस्टोरेंट के कर्मचारी विजय साहू ने पेमेंट मांगा तो दबंगों ने पैसा देने से मना करते हुए विवाद शुरू कर दिया। मझिगवां गांव निवासी रेस्टोरेंट संचालक श्याम तिवारी पहुंचे और थाने में शिकायत की बात कही तो दबंगों ने मारपीट शुरू कर दी।
रेस्टोरेंट संचालक और उसके तीन सहयोगियों को लात-घूसों से पीट-पीटकर घायल कर दिया। हमलावरों ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की।
इससे वहां पर खाना खाने आए अन्य लोगों में भगदड़ मच गई। बलवा कर रहे दबंगाें ने गल्ले में रखे 14 हजार रुपये भी लूट लिए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस देर से पहुंची। इससे हमलावर मारपीट और लूटपाट कर भाग निकले। मारपीट में रेस्टोरेंट संचालक श्याम तिवारी के अलावा उसके सहयोगी रोहित मिश्रा, विजय साहू, मुकेश तिवारी को गंभीर चोटें आईं हैं।
सभी को सीएचसी हरचंदपुर में भर्ती कराया गया। घटना को लेकर आसपास के लोगों में नाराजगी है। एसओ सचिन गुप्ता का कहना है कि कार सवार रवि सिंह और मुस्तकीम ने अपने एक दर्जन साथियों के साथ मारपीट की है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।