सांड़ ने महिला को पटक-पटककर मार डाला
अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थाना क्षेत्र के भुआ जुनारगंज गांव में रविवार सुबह नित्यक्रिया के लिए जा रही महिला को सांड़ ने पीट-पीटकर मार डाला।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उसे भगाया और महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के भुआ जुनारगंज निवासी कलावती (50) पत्नी गंगाराम रविवार सुबह नित्यक्रिया के लिए जा रही थी।
रास्ते में सांड़ ने महिला पर हमला बोल दिया। जब तक गांव के लोग मौके पर पहुंचते, सांड़ ने महिला को अधमरा कर दिया।
डायल-100 की मदद से महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव निवासी शैलेंद्र मिश्रा का कहना है कि अब तक गांव में इस तरह की तीन घटनाएं हो चुकी हैं।