उप डाकघर अतरहर में तीन साल पहले तैनात रहे उप डाकपाल राम कृपाल ने खातों में हेराफेरी करके लगभग चार लाख रुपये का गबन कर लिया। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
डाकघर पश्चिमी उप मंडल बछरावां के निरीक्षक राजेश्वर दुबे ने खीरों थाने में रविवार को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि 2 जनवरी 2014 से 30 अप्रैल 2014 के बीच राम कृपाल उप डाकघर अतरहर में उप डाक पाल के पद पर तैनात थे।
इसी दौरान उन्होंने सरकारी कंप्यूटर में हेराफेरी करते हुए कई खाताधारकों के खातों से फर्जी तरीके से लगभग चार लाख रुपये निकाल कर गबन कर लिया। रनापुर पहरौली निवासी संयुक्त खाताधारक गुरू प्रसाद, गीता देवी, खाता धारक मोहनपुर निवासी राम बहादुर का कहना है कि उनका रुपया यहां तैनात रहे उप डाकपाल राम कृपाल ने हड़प लिया है।
एफआईआर दर्ज हो गई है। इससे अब उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। थानेदार अनिल सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।