रायबरेली। ऊंचाहार ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामचंदरपुर में मृतक के खाते से प्रधानमंत्री आवास के लिए मिले बजट को जालसाजी करके निकालने का आरोप लगाया गया है।
शपथपत्र के माध्यम से शिकायत होने के बाद सीडीओ ने ऊंचाहार के खंड विकास अधिकारी को जांच करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।
हरचंदपुर ब्लॉक के रहवां गांव निवासी प्रमोद कुमार अवस्थी ने सीडीओ को शपथपत्र के माध्यम से शिकायतीपत्र देकर आरोप लगाया कि ऊंचाहार ब्लॉक के रामचंदरपुर गांव निवासी रामसनेही को वित्तीय वर्ष 2017-18 में प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था।
खाते में पहली किस्त के रूप में 40 हजार आने के बाद उसकी मौत हो गई। आरोप है कि बैंक के शाखा प्रबंधक को इसकी सूचना देकर खाते के संचालन पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया था, लेकिन जालसाजी कर मृतक के खाते से पूरा रुपया निकाल लिया गया।
मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। सीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऊंचाहार के खंड विकास अधिकारी को जांच करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। सीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।