रायबरेली। जिले की बेसिक शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए 102 नए शिक्षक और मिलेंगे, क्योंकि बेसिक शिक्षा परिषद ने सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में पुनर्मूल्यांकन के दौरान अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों की सूची जारी की है।
इसमें 102 अभ्यर्थियों को रायबरेली जिला आवंटित किया गया है। इन अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 9 मार्च को पुलिस लाइन स्थित नगर संसाधन केंद्र (बीईओ कार्यालय) में सुबह 9 बजे से होगी।
इसके लिए छह काउंटर खोले जाएंगे, जिन पर दो-दो खंड शिक्षा अधिकारी तैनात रहेंगे। अभ्यर्थियों के अभिलेखों के परीक्षण के बाद उन्हें जमा कर लिया जाएगा। इसके अलावा दो और काउंटर खुलेंगे। इनमें एक काउंटर पर शिकायत का निवारण होगा।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) प्राचार्य की अध्यक्षता वाली चयन समिति की निगरानी में काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिन बीईओ की ड्यूटी लगाई गई है, वे सहयोग के लिए अपने स्तर पर बीआरसी या योग्य शिक्षक को साथ लेकर आएंगे।
पुनर्मूल्यांकन में अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 8-9 मार्च को कराने के निर्देश मिले थे, इसलिए यहां पर 9 मार्च को काउंसलिंग होगी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।