सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में हंगामा
रायबरेली। सपा पार्टी कार्यालय में रविवार को समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष फिदा हुसैन अंसारी के मौजूदगी के दौरान ही सपाइयों के दो गुट न सिर्फ आमने-सामने आ गए, बल्कि कहासुनी के साथ तीखी तकरार हुई। दोनों गुट निकाय चुनाव में अपने-अपने प्रत्याशी को टिकट देने की बात कह रहे थे। इसको लेकर खूब हंगामा भी हुआ। प्रदेश अध्यक्ष ने किसी तरह हस्तक्षेप करके मामला शांत कराया। देखते ही देखते वहां पर सन्नाटा पसर गया।
सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष फिदा हुसैन अंसारी नगर निकाय चुनाव में संभावित प्रत्याशियों का साक्षात्कार लेने के लिए यहां पहुंचे थे। सुपर मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में संभावित प्रत्याशियों से प्रदेश अध्यक्ष बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सपाइयों के दो गुटों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी को नगर निकाय चुनाव में टिकट देेने की बात करने लगे। देखते ही देखते वहां पर हंगामा शुरू हो गया। प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही सपाइयों के बीच कहासुनी होने लगी। एक-दूसरे को देख लेने तक की धमकी दी जाने लगी। करीब आधा घंटे तक पार्टी कार्यालय में दो गुटों के बीच विवाद होता रहा। प्रदेश अध्यक्ष ने किसी तरह सबको शांत कराया, लेकिन बात नहीं बनी। दोनों गुटों के समर्थक वहां से चले गए। इस घटना से नाराज प्रदेश अध्यक्ष भी लखनऊ लौट गए। उनका कहना है कि इस मामले को दिखवाया जाएगा और पार्टी हाईकमान के आदेशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।