रायबरेली। मुंडन समारोह के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग का एक वीडियो रविवार को वायरल होने से हड़कंप मच गया।
वायरल वीडियो में फायरिंग कर रहे दिलीप मौर्य एक मंत्री के करीबी बताए जा रहे हैं। सीओ डलमऊ विनीत सिंह ने घटना की जांच की तो मामला सही निकला।
इस पर फायरिंग करने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उसके कब्जे से रिवॉल्वर बरामद कर ली गई है। पुलिस ने लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो 14 मार्च को ऊंचाहार स्थित रेलवे स्टेशन के पास एक मुंडन समारोह का बताया जा रहा है। वीडियो में मंत्री के करीबी ने डांस के दौरान यहां पर पहुंचकर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कई राउंड फायरिंग की। साथ ही डांस भी किया।
सीओ डलमऊ विनीत सिंह ने बताया कि मुंडन संस्कार में फायरिंग करने के मामले में दिलीप मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है। वह ऊंचाहार रेलवे स्टेशन के रहने वाले हैं।
उसके कब्जे से रिवॉल्वर भी बरामद कर ली गई है। एसपी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि आचार संहिता का उल्लंघन के मामले में दिलीप मौर्य को पकड़ लिया गया है।
जानकारी में आया है कि उसका लाइसेंस प्रतापगढ़ से जारी किया गया है। लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि फायरिंग के दौरान और कौन-कौन लोग शामिल थे, उन्हें भी चिह्नित कराया जा रहा है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।