सदरपुर (सीतापुर)। थाना इलाके में कई दिनों से गायब युवक का शव शनिवार को संदिग्ध हालातों में पेड़ पर लटकता पाया गया। मृतक के ससुरालीजनों की ओर से हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को तहरीर दी गई है।
थानाक्षेत्र के बिलोली नानकारी गांव निवासी हरी प्रसाद (45) पुत्र रामलाल पिछले काफी अरसे से अपनी ससुराल शिवनाथ निवासी सदरपुर के यहां रहता था। कुछ दिन पहले वह अचानक कहीं चला गया। ससुरालीजन तलाश कर ही रहे थे, कि शनिवार को बेहटी मार्ग के किनारे एक पेड़ पर रस्सी के सहारे संदिग्ध हालात में उसका शव फंदे पर लटकता पाया गया।
ससुरालीजनों द्वारा हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी गई। थाना प्रभारी सूर्यबली पांडेय ने बताया कि तहरीर में हत्या की आशंका व्यक्त की गई है, मगर किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।