रायबरेली। एंटी करप्शन का इंस्पेक्टर बनकर लोगों पर रौब गांठ रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान लखनऊ निवासी एक आरोपी के पास से गृह मंत्रालय का एक फर्जी आईकार्ड भी बरामद हुआ है।
दोनाें को पुलिस ने पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। सीओ की मानें तो आरोपी शनिवार को एसपी से भी मिलने पहुंचे थे। शक होने पर एसपी ने दोनों की जांच करने को कहा था।
सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि रविवार रात रेलवे स्टेशन रोड स्थित इलाहाबाद बैंक के पास दो लोग खुद को एंटी करप्शन का इंस्पेक्टर बताकर रौब गांठ रहे थे।
सूचना पर कोतवाल अशोक सिंह, जहानाबाद चौकी इंचार्ज रवींद्र सिंह मौके पर पहुंच गए और उन्हें पकड़कर कोतवाली ले आए। पूछताछ में दोनों का झूठ पकड़ा गया।
सीओ के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान लखनऊ के मानक नगर निवासी श्याम नारायण कनौजिया और रायबरेली के महराजगंज क्षेत्र के डीहा बावन का पुरवा निवासी अजय मौर्य के रूप में हुई है।
इनमें से श्याम के पास से गृह मंत्रालय का एक आईडी कार्ड भी मिला। जांच में पता चला कि यह आईडी कार्ड भी फर्जी है।
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूला है कि खुद को एंटी करप्शन का इंस्पेक्टर बताकर अधिकारियों से मनचाहा काम कराते थे। केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।