डलमऊ (रायबरेली)। गदागंज के उधमपुर गांव में बच्चों को स्कूल लाने के लिए पहुंची स्कूली वैन ने दो साल की मासूम को रौंद दिया।
बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वैन महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल की थी।
बच्ची की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। बाद में स्कूल प्रबंधक व बच्ची के घर वालों में सुलह होने के बाद पुलिस ने पंचनामा कर शव को परिवारीजनों को साैंप दिया।
गदागंज के उधमपुर ग्राम में शुक्रवार सुबह महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल पखरौली की वैन छात्रा नैना को विद्यालय ले जाने के लिए पहुंची।
बताते हैं कि छात्रा को स्कूल नहीं जाना था, इसलिए नैना के बाबा दो साल की मासूम नैना की बहन प्राची पुत्री सुनील कुमार वैन के चालक को अवकाश प्रार्थनापत्र देने पहुंच गए।
बाबा मासूम प्राची को जमीन पर खड़ा कर चालक को प्रार्थनापत्र दिया। इसी बीच चालक ने वैन चलाई तो मासूम पहिए के नीचे आ गई। गंभीर हालत में उसे सीएचसी डलमऊ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राची को मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। गदागंज थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मृतक के परिवारीजनों और विद्यालय प्रबंधक में समझौता हो गया है।
शव परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं विद्यालय के प्रबंधक राम गोपाल वैश्य ने बताया कि छात्रा को लेने गांव पहुंची विद्यालय के वाहन के नीचे अचानक बच्ची के आने से मौत हो गई है।