महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर शाम पत्नी के मायके जाने की जिद से खफा युवक ने खुद को आग लगा ली।
युवक को गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात युवक ने दम तोड़ दिया।
असनी गांव निवासी सुलोचन और उसकी पत्नी के बीच कई दिन से मनमुटाव चल रहा था। यह बात पत्नी ने अपने माता-पिता को बता दी थी।
बुधवार को पत्नी के कहने पर उसका पिता उसे ले जाने के लिए घर पहुंच गया। पत्नी मायके जाने की बात कहने लगी। सुलोचन पत्नी को मायके जाने से रोक रहा था।
पत्नी नहीं मान रही थी। इससे खफा सुलोचन ने केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। परिवारीजनों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक युवक करीब 50 फीसदी झुलस गया था।
उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।