बदमाशों ने सगे भाइयों को पीटकर लूटी नकदी
सतांव (रायबरेली)। गुरुबख्शगंज के सुल्तानपुरखेड़ा गांव में सोमवार रात बदमाशों ने दो सगे भाइयों को पीटकर नकदी, जेवरात समेत एक लाख का माल पार कर दिया।
बदमाशों की पिटाई से दोनों भाइयों को चोटें आईं हैं। पुलिस का दावा है कि रंजिश में हमला बोला गया है। सुल्तानपुर खेड़ा गांव निवासी सुरेश कुमार सोनी बदई का पुरवा जाने वाले मार्ग पर गांव के बाहर मकान बनाकर रहता है।
पीड़ित सुरेश ने बताया कि वह सोमवार रात अपने परिवार के साथ सो रहा था। तभी रात में बदमाशों ने हमला बोल दिया। उसे व उसके भाई बनवारी को पीट-पीटकर घायल कर दिया।
साथ ही घर से 4500 रुपये की नकदी के अलावा सोने-चांदी के जेवरात समेत एक लाख का माल पार कर दिया। शोर गुल मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तो बदमाश भाग गए।
एसओ विनोद सिंह ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों की पीड़ित परिवार से रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते हमला बोलकर मारपीट की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।