बाइक सवार बदमाशों ने सेल्समैन से 40 हजार लूटे
रायबरेली। सलोन कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को गैस सिलेंडर की डिलवरी करके लौट रहे सेल्समैन से बाइक सवार दो बदमाशों ने 40 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों को कुछ पता नहीं चला। इंडेन गैस सर्विस डीह के डिलवरीमैन कुलदीप निवासी पोठई और वाहन चालक सुशील तिवारी निवासी बेतौरा सलोन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा बरवलिया स्थित पीरा नगर गांव मे सिलेंडर की डिलवरी लेकर गया था। गैस सिलेंडर की डिलेवरी करने के बाद रकम को बैग में रख कर सेल्समैन सिलेंडर वाहन पिकअप से लौट रहा था। परसदेपुर-पीरानगर रोड पर पहले से खड़े दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने सेल्समैन और ड्राइवर पर तमंचा दिखाकर रोक लिया। रुपये से भरे बैग को लेकर परशदेपुर रोड की तरफ भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि बैग में करीब 40 हजार रुपये थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित ने घटना की आपबीती पुलिस से बताई। जांच के दौरान पुलिस को लगभग पांच सौ मीटर पर खाली बैग मिला। सेल्समैन कुलदीप यादव ने बताया कि लाल रंग की हांडा मोटर साइकिल से दो लोग सड़क पर खड़े थे, जिसमें से एक युवक ने हेलमेट पहन रखा था। सलोन कोतवाल जीडी शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।