स्नान करने गया युवक गंगा में डूबा
रायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र के ठकुराइनगंज मजरे रालपुर गांव के पास स्नान करने गया एक युवक गंगा में डूब गया। तलाश के लिए गोताखोर ही नहीं मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने गंगा किनारे पुलिस और प्रशासन के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। सूचना पर दरोगा रावेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगोें से खोजबीन कराई, लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया। डलमऊ से गोताखोर बुलाए गए हैं।
ठकुराइनगंज मजरे रालपुर गांव निवासी श्याम बाबू (40) पुत्र देवीदीन गांव में ही एक व्यक्ति की चार पहिया गाड़ी चलाता है। गांव से होकर ही गंगा नदी निकली है। रविवार पूर्वाह्न 11 बजे श्याम बाबू पशुओं को चराने गया था। इसी दौरान गंगा स्नान करने पहुंच गया। नहाते वक्त श्याम बाबू गहराई वाले स्थान में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख आसपास के लोगों ने शोरगुल मचाया। जब तक लोग पहुंचते, श्यामबाबू नदी में डूब गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। दरोगा रावेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस के पास गोताखोर नहीं थे। इससे काफी देर तक खोजबीन का कार्य शुरू नहीं हो सका। क्षेत्रीय लोगों की मदद से पुलिस ने खोजबीन कराई, लेकिन श्याम बाबू का पता नहीं चल सका। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया। आरोप लगाया कि यदि गोताखोर होते तो श्यामबाबू जल्दी मिल जाता। युवक के नदी में डूबने से पत्नी केशकली और बेटे विनीत, अजय, संजय, बेटी बिट्टन, निधि के आंसू नहीं थम रहे हैं। दरोगा रावेंद्र ने बताया कि डलमऊ से गोताखोर बुलाए गए हैं। एसओ सुधीरचंद्र पांडेय का कहना है कि नदी में डूबे युवक की खोजबीन कराई जा रही है।