रायबरेली। सदर कोतवाली पुलिस ने अंतर्जनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से सोने की पांच चेन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पूछताछ में शहर में हुई सात लूट की वारदातों का खुलासा हुआ है। सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि कोतवाल अशोक सिंह ने पुलिस टीम के साथ शहर के लालगंज तिराहा के पास से अंतर्जनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।
इसमें कानपुर नगर जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती मकड़ी खेड़ा निवासी सुमित वर्मा और अनवरगंज थाना क्षेत्र के रायपुरवा निवासी प्रांजुल वर्मा पकडे़ गए हैं।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से सोने की पांच चेन, एक मोबाइल, चार हजार रुपये नकद, एक बाइक बरामद की गई है।
यही बदमाश शहर में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। बेलीगंज, सिटी हॉस्पिटल, शहजादा कोठी आदि स्थानों पर चेन स्नैचिंग की घटनाओं को इन्हीं बदमाशों ने अंजाम दिया था। आरोपी सुमित के खिलाफ नौ और प्रांजुल के खिलाफ आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।