रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत पर भड़के लोगों ने मंगलवार को जमकर बवाल मचाया। गुस्साए परिवारीजनों और ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया।
इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ लिया। आरोप लगाया कि पुलिस ने हादसे के बाद कोई सूचना नहीं दी और मामले को दबाते हुए कार्रवाई नहीं की।
सभी ने भदोखर एसओ राजकुमार पांडेय को हटाने की मांग की। कहा कि एसओ आरोपियों से मिले थे, जिसकी वजह से जानकारी नहीं दी।
सूचना पर कई थानों की फोर्स के साथ सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सदर गोपीनाथ सोनी मौके पर पहुंचे। कार्रवाई का भरोसा देकर किसी तरह मामले को शांत कराया। एक घंटे तक चले हंगामे के कारण आवागमन ठप रहा।
भदोखर थाना क्षेत्र के बिलैया मजरे बेहटा खुर्द निवासी गणेश उर्फ कल्लू (46) सोमवार शाम साइकिल से शहर जा रहा था। ऊसरी का पुरवा के पास रिंग रोड का निर्माण करा रही कंपनी की हाइड्रा की टक्कर से उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने सूचना परिवारीजनों को नहीं दी। साथ ही प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज परिवारीजनों और ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा।
सभी ने रायबरेली-जगदीशपुर मार्ग जाम कर दिया। सभी एसओ को हटाने की मांग कर रहे थे। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस के साथ ग्रामीणों की तीखी तरकार भी हुई।
गुस्साए लोगों ने भदोखर एसओ समेत अन्य पुलिस कर्मियों को खदेड़ दिया। सिटी मजिस्ट्रेट जयचंद्र पांडेय और सीओ सदर ने पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।
सीओ ने बताया कि प्रकरण में पुलिस की भूमिका की जांच की जाएगी। एसओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई की जाएगी।
मामले को दबाने में जुटी रही पुलिस
भदोखर पुलिस को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त नाराजगी थी। खासकर एसओ के खिलाफ सभी खफा थे। आरोप था कि कंपनी से सांठगांठ करके एसओ मामले को दबाने की कोशिश कर रहे थे।
एसओ की ढिलाई का नतीजा है कि आए दिन क्षेत्र में आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं। यदि समय रहते सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ मौके पर न पहुंच जाते तो मामला और गंभीर हो जाता है।
लोग पुलिस के प्रति उत्तेजित थे। कई बार तो एसओ समेत अन्य पुलिस कर्मियों को वहां से खदेड़ लिया। एएसपी शशिशेखर सिंह का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। एसओ समेत अन्य किसी पुलिस कर्मी की लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
मौत से मचा कोहराम
युवक की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पत्नी पुष्पा व माता नंदरानी के आंसू नहीं थम रहे हैं। मां का कहना है कि समय रहते उसे सूचना नहीं दी गई। पुलिस मामले को दबाने की कोशिश में लगी रही। ग्रामीण भी युवक की मौत से गमगीन हैं।