पुलिस दफ्तर में परिवारीजनों का हंगामा, कार्रवाई की मांग
रायबरेली। भागीरथी इंटर कॉलेज मुराईबाग डलमऊ छात्र रवि कुमार की पिटाई का मामला तूल पकड़ रहा है। रविवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर परिवारीजनों ने हंगामा किया और आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। आरोप लगाया कि डलमऊ कोतवाल मामले में सुलह समझौता कराने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस की इस भूमिका से न्याय नहीं मिल पा रहा है। घायल छात्र का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। एसपी शिवहरि मीणा का कहना है कि छात्र की तहरीर मिली है। जांच करके कार्रवाई कराई जाएगी। कोतवाल ढिलाई बरत रहे हैं तो उन पर भी कार्रवाई होगी।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सरायं दिलावर निवासी चंद्रभान के 19 वर्षीय बेटे रवि कुमार की भागीरथी इंटर कॉलेज के दो शिक्षकों ने बेरहमी से पिटाई कर दी थी। रवि कक्षा 12 का छात्र है। इस मामले में छात्र ने कोतवाली में तहरीर दी थी। साथ ही प्रधानाचार्य श्यामसुंदर चौैधरी ने भी छात्र पर अनुशासनहीनता बरतने और शिक्षकों के साथ मारपीट की तहरीर दी थी। सुबह पीड़ित परिवार छात्र रवि कुमार को लेकर एसपी दफ्तर पहुंचा। मामले में कार्रवाई न होने पर हंगामा भी किया। पिता का कहना है कि कोतवाल मामले में सुलह समझौते का दबाव बना रहे हैं। पुलिस कार्रवाई नहीं करना चाहती है। प्रतापचंद्र वर्मा, राकेश, देशराज, रेशमा, श्यामकली, कविता, अंगूरकली का कहना है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो धरना शुरू कर दिया जाएगा।