महिला के गले के ऑपरेशन में छोड़ दिया कपड़ा
रायबरेली। एक महिला के गले के ऑपरेशन में लापरवाही की हद पार कर दी गई। सिटी नर्सिंग होम में किए गए ऑपरेशन में महिला के गले में कपड़ा छोड़ दिया गया। कुछ दिन तो ठीकठाक रहा, लेकिन इसके बाद उसके गले में मवाद बनने लगा। इससे पीड़ित परिवार परेशान हो गया। लखनऊ मेडिकल कॉलेज में दोबारा ऑपरेशन किया गया तो गले में कपड़ा पाया गया।
महिला के पति की तहरीर पर जिला पुरुष अस्पताल के एनटी सर्जन डॉ. शिव कुमार के खिलाफ सदर कोतवाली में केस दर्ज कराया गया है। सिटी नर्सिंग होम संचालक की घोर लापरवाही भी इस मामले में पाई गई है। पीड़ित पक्ष की मानें तो सिटी नर्सिंग होम में लाइट नहीं थी। ऐसे में मोबाइल की रोशनी में ऑपरेशन किया गया।
अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के भेलाई कला गांव निवासी रवि कुमार सिंह ने रविवार को सदर कोतवाली में लिखाई गई एफआईआर में बताया कि मैंने पत्नी नीतू सिंह को 6 जनवरी को जेल गार्डन रोड स्थित सिटी नर्सिंग होम में थायरायड सिस्ट बीमारी के ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया था। आरोप है कि यह ऑपरेशन जिला पुरुष अस्पताल के एनटी सर्जन डॉ. शिव कुमार ने सिटी नर्सिंग होम में किया था।
डॉ. शिवकुमार ने ऑपरेशन करने के दौैरान घोर लापरवाही करते हुए 12-3 सेमी (गाजपीस) सूती कपड़ा छोड़ दिया। ऑपरेशन थियेटर की लाइट ठीक नहीं थी। मोबाइल की रोशनी में आपरेशन किया गया। इस भारी लापरवाही के कारण उसकी पत्नी के गले में लगातार मवाद निकलता रहता था। तब उसने 26 फरवरी को लखनऊ ले जाकर ईएनटी डॉ. रोहित भाटिया को दिखाया।
उन्होंने 4 मार्च को गले का साझोग्राम करवाया, जिससे स्पष्ट नहीं कि पत्नी को क्या दिक्कत है। इसके बाद पत्नी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ ले गया। वहां पर जांच कराई गई तो पता चला कि कुछ गले में छूट गया है, जिसके चलते दिक्कत आ रही है। 16 अप्रैल को अपनी पत्नी को मेडिकल कॉलेज लखनऊ में भर्ती कराया, जहां 19 अप्रैल को डॉ. एचपी सिंह ने ऑपरेशन किया।
जिसमें गले में कपड़ा निकला। प्रकरण में डॉ. शिवकुमार और सिटी नर्सिंग होम के संचालक ने घोर लापरवाही बरती। पुलिस ने केस दर्ज करके प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। जिला पुरुष अस्पताल के एनटी सर्जन डॉ. शिवकुमार का कहना है कि आरोप लगाने वाला पक्ष उनके गांव का है। जिससे उनका विवाद चल रहा है।
इसी विवाद की वजह से मुझे फंसाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पीड़िता के ऑपरेशन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई है। सदर कोतवाल अतुल सिंह ने कहा कि महिला के गले के ऑपरेशन में बरती गई लापरवाही में जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शिवकुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर में सिटी नर्सिंग होम के संचालक पर भी घोर लापरवाही की बात कही गई है। संचालक के खिलाफ भी जांच की जा रही है।