ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध हालात में मौत
रायबरेली। जगतपुर थाना क्षेत्र के जिंगना गांव में ससुराल में रह रहे एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बुधवार सुबह उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका मिलने से हड़कंप मच गया।
इलाकाई लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। जबकि पुलिस इसे खुदकुशी मान रही है। पुलिस की मानें तो युवक का किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हुआ था। पुलिस का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कुड़वल गांव निवासी रज्जनलाल (30) पुत्र सूरज बली की शादी पांच साल पहले हुई थी।
रज्जनलाल के ससुर सदा पटेल जालंधर में पावर कॉर्पोरेशन में कार्यरत थे, लेकिन दो माह पहले हृदयगति रुकने से उनकी मौत हो गई थी।
ससुर की मौत के बाद से रज्जनलाल जगतपुर थाना क्षेत्र के जिंगना गांव स्थित ससुराल में अपने साले विमलेश (28) के साथ ही रहता था।
बुधवार सुबह गांव के बाहर पेड़ से रस्सी के सहारे रज्जनलाल का शव लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर एसओ बृजमोहन सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौका मुआयना किया।
ग्रामीणों का कहना है कि, मंगलवार शाम रज्जनलाल का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। ग्रामीण ने रज्जनलाल की हत्या की आशंका जताई है।
हालांकि परिवारीजन घटना की बाबत कुछ नहीं बोल रहे हैं। सीओ विनीत सिंह ने बताया कि, प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आएगी।