लालगंज (रायबरेली)। पुलिस ने मोबाइल छीनने वाले बाइक सवार गैंग का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक बदमाश मौके से भाग गया।
पुलिस की मानें तो बदमाशों ने दबिश के दौरान टीम पर एक फायर भी झोंका था। पुलिस ने तीनों बदमाशों के पास से 30 मोबाइल, एक तमंचा और तीन चेन बरामद की हैं। तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया है।
क्षेत्र में मोबाइल छीनने वाले बाइक सवार बदमाशों का पिछले कई दिनों से आतंक था। प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि गुरुवार रात कस्बे के करुणा बाजार चौराहे पर चेकिंग की जा रही थी।
रात 9.30 बजे मुखबिर ने मोबाइल छीनने वाले बदमाशों की सूचना दी। सूचना पर पुलिस व स्वॉट टीम पुराना बस स्टाप पहुंची। जहां पर चार बदमाश छीने गए मोबाइल और सोने की चेन का बंटवारा करने में जुटे थे।
पुलिस को आते देख बदमाश भागने लगे। इस दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायर भी झोंक दिया, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा।
प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि प्रतापपुर गांव निवासी सतनाम यादव के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक चेन व 10 मोबाइल तथा इसी गांव के हिमांशु यादव उर्फ बंटू के पास से 10 मोबाइल व एक चेन और महाखेड़ा गांव निवासी सोनू कुमार के पास से एक चेन और 10 मोबाइल बरामद हुए हैं।
बदमाशों की बिना नंबर की दो बाइकों को भी सीज किया गया है। ओरी का पुरवा गांव निवासी अजय मिश्रा भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के विरुद्ध लालगंज, खीरों, गुरुबक्शगंज थाने में आठ-आठ मुकदमे दर्ज हैं।