गदागंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने पर सनसनी फैल गई। परिवारीजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक से कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद रात में अचानक वह लापता हो गया।
ऊंचाहार-उन्नाव रेलखंड पर जलालपुर धाई रेलवे स्टेशन के निकट एक युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर पाया गया।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जीआरपी व गदागंज थानाध्यक्ष को दी। उसकी शिनाख्त बृजेश कुमार (22) पुत्र श्रीराम निवासी पुरे रामनाथ सिंह मजरे दाऊद पुर गढ़ी के रूप में हुई।
मौके पर पहुंची बृजेश की मां ज्ञानवती ने बताया कि बुधवार को उसके बेटे के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। शाम को वह खाना खाकर सो गया। सुबह बिस्तर से गायब मिला।
मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दो भाई पंजाब में ईंट-भट्टे पर मजदूरी करतेहैं। एसआई जीआरपी मोहम्मद मुकरीम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दो माह में चौथा शव मिला
गदागंज थाना क्षेत्र में एक के बाद एक हो रही वारदातों से क्षेत्र में सनसनी मची हुई है। ऊंचाहार-उन्नाव रेलखंड पर दो माह के अंदर यह चौथी घटना है। लगातार घटना का केंद्र बिंदु जलालपुर धई स्टेशन बना हुआ है। एक बार फिर जलालपुर धई रेलवे स्टेशन के निकट गुरुवार को एक युवक का शव मिला।