रायबरेली। सरेनी पुलिस ने पशु तस्कर गिरोह के 11 बदमाशाें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को उस समय दबोचा, जब ये सब कंटेनर में वध प्रतिबंधित मवेशियों को भरकर भोजपुर होते हुए बिहार ले जाने की फिराक में थे।
पकड़े गए आरोपी सुल्तानपुर, अमेठी, कानपुर नगर के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला है कि ये बदमाश करीब 10 सालों से पशु तस्करी के धंधे में लगे हैं। पुलिस ने इनके पास से तीन वाहन और मवेशियों को बरामद किया है। तलाशी में इनके पास से तमंचे भी मिले हैं।
एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार रात एक कंटेनर पर मवेशियों को भरकर उन्नाव से भोजपुर होते हुए बिहार ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर एसओ राकेश सिंह, उपनिरीक्षक राजेश यादव ने टीम के साथ छापा मारा लेकिन आरोपियों ने पुलिस को देखते हुए फायर झोंक दिया।
हालांकि फायरिंग में पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए और सभी को दबोच लिया गया। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान सुल्तानपुर जिले के कूड़ावर थाना क्षेत्र के पूरे टप्पा पांडेय का पुरवा निवासी राजू पांडेय, गोपीनाथ पांडेय उर्फ कल्लू, पिपरी निवासी नोमान अल्लाह, अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के दिलावलगढ़ निवासी अली रजा, नौशाद, मुसाफिरखाना क्षेत्र के संजय सिंह, चौहान बरौनी निवासी मुकेश सिंह, हसीब अली उर्फ कालिया, कानपुर नगर जिले के नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया निवासी सद्दाम, प्लाट नंबर 91 मछरिया निवासी अंसार अहमद, बेगमगंज थाना क्षेत्र के हीरामन का पुरवा निवासी मो. शफी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बदमाशों के पास से एक कंटेनर, एक एसयूवी और एक कार मिली है। साथ ही नौ मोबाइल भी मिले हैं।
कार पर सवार होकर करते थे रेकी
एसपी ने बताया कि पशु तस्कर बड़ी होशियारी से मवेशियों को बिहार ले जाते थे। इसकी भनक पुलिस तक को नहीं लग पाती थी। कुछ लोग कंटेनर पर बैठकर पीछे चलते थे, जबकि कुछ लोग कार पर सवार होकर आगे चलकर रेकी करते थे कि कहीं पर पुलिस चेकिंग मिलने वह ये लोग कंटेनर पर सवार लोगों को सचेत कर देते थे। एसपी ने बताया कि इन सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया और जेल भेजा जा रहा है।