ऊंचाहार (रायबरेली)। तीन दिन पहले लापता हुए युवक को पुलिस ने सकुशल खोज लिया है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि ऑनलाइन जुएं का कर्ज चुकाने के लिए उसने खुद के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी। पत्नी के मोबाइल नंबर पर मैसेज कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी। खुद के अपहरण की साजिश रचने और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस अब उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।
लोदीपुर गांव निवासी सूरज सिंह बंगलूरू की एक मार्केटिंग कंपनी में काम करता है। वह गुरुवार को घर से प्रतापगढ़ के लिए निकला, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। रात में उसकी पत्नी के मोबाइल नंबर मैसेज आया, जिसमें 15 लाख फिरौती मांगी गई।
युवक की खोजबीन के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा एसओजी को लगाया गया था। तीन दिन की मशक्कत के बाद पुलिस ने सूरज को प्रतापगढ़ जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में कालाकांकर गंगा नदी के पुल पर पकड़ लिया। वह अकेले बाइक से पुल पार कर रहा था।
कोतवाल संजय त्यागी के मुताबिक युवक ऑनलाइन जुआं खेलने में करीब छह लाख रुपये का कर्जदार हो गया था। कर्ज चुकता करने के लिए उसने स्वयं की अपहरण की कहानी गढ़ी और पत्नी के मोबाइल पर मैसेज भेजकर फिरौती मांगी।
पूछताछ में उसने बताया कि वह घर से निकलने के बाद कानपुर होते हुए आगरा, फिर राजस्थान के मेंहदीपुर बालाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचा और वहां से वापस घर आ रहा था। युवक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।