रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में बुधवार रात व्यापारी नेता व प्रापर्टी डीलर के घर पर कार सवार बदमाशों ने असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग की। अचानक फायरिंग होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
व्यापारी नेता और उसके परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर में घुसकर जान बचाई। बताते हैं कि बदमाशों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की। मुंशीगंज चौकी से कुछ दूरी पर हुई वारदात से क्षेत्र में लोगों में दहशत फैल गई।
कुछ देर बाद पुलिस पहुंची तो मौके से कारतूस के खोखे बरामद हुए। हमलावरों और व्यापारी नेता के बीच किसी बात को लेकर तनातनी चल रही थी। इसी वजह से घटना को अंजाम दिया गया। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।
एम्स व्यापार मंडल के व्यवस्थापक और प्रापर्टी डीलर मनीष पांडेय उर्फ बंटी का मुंशीगंज शहीद स्मारक जाने वाले रोड पर आवास है। देर रात कार पर सवार पांच से आठ हमलावर पहुंचे और बिना कुछ बोले ही असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इससे मनीष और उसके परिवार के लोग दहशत में आए गए और घर में घुसकर जान बचाई। साथ ही घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। कुछ देर बाद थानेदार पंकज तिवारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और जांच की।
जांच के दौरान घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए गए। भदोखर थानेदार पंकज तिवारी का कहना है कि व्यापारी नेता एवं प्रापर्टी डीलर के भाई राहुल पांडेय ने रायबरेली शहर के जेल रोड निवासी शुभम मिश्रा, विकास जायसवाल और अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि किस वजह से घटना को अंजाम दिया गया।
जल्द गिरफ्तारी नहीं तो देंगे धरना
व्यापारी नेता के घर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में एम्स व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने गहरी नाराजगी जताई है। एम्स व्यापार मंडल के अध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, महामंत्री अमित दुबे, मनीष त्रिपाठी की अगुवाई में व्यापारियों ने थानेदार से मुलाकात की और कहा कि यदि 24 घंटे के अंदर हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही पूरे मामले से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया जाएगा। पदाधिकारियों का कहना है कि मुंशीगंज चौकी पुलिस की निष्क्रियता से क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जो ठीक नहीं हैं। व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।