लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के मटेहना निवासी एक जालसाज ने फर्जी कागजात तैयार कर एक युवक को दुबई भेज दिया। विदेश जाने के बाद जब युवक को वहां अपने साथ ठगी होने का पता चला तो उसने अपनी पत्नी को किसी तरह से पूरे घटनाक्रम की सूचना दी। पत्नी ने कोतवाली में तहरीर देकर जालसाज के विरुद्घ कार्रवाई करने की मांग की है।
निहस्था निवासिनी निशा ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि मटेहना के एक युवक ने उसके पति को 50 हजार रुपये लेकर विदेश भेज दिया। वहां नौकरी नहीं मिली और पता चला कि उसके कागजात गलत हैं।
किसी तरह कोशिश करके वह वापस लौट सका। निशा ने पुलिस प्रार्थना पत्र देकर आरोपी युवक के विरुद्घ कार्रवाई करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। पता चलने पर कार्रवाई की जाएगी।