बछरावां। थाना क्षेत्र में बेकाबू ट्रक की टक्कर से दंपती घायल हो गए। दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कलुईखेड़ा गांव निवासी राम सजीवन (55) अपनी पत्नी रजऊ देवी (52) के साथ ओरी दास बाबा मंदिर में दर्शन करने के बाद बाइक से गांव लौट रहा था।
तभी बछरावां-लालगंज मार्ग पर विकास नगर मोहल्ले के पास एक ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज टक्कर के चलते बाइक ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी बछरावां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। थानेदार राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज होगी। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
युवती को भगा ले गया युवक
जगतपुर। क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बुधवार को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी की शादी तय हो गई है। गांव का रहने वाला युवक उसकी बेटी को कहीं भगा ले गया है। खोजबीन के बाद भी बेटी का कुछ पता नहीं चल पाया है। कोतवाल अमरनाथ यादव का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।