लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के पूरे मधई मजरे लालूमऊ गांव निवासी स्मैक बेचने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। गांव निवासी अवतंश कुमार यादव को पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान छह ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को महिलाओं ने गांव में स्मैक के धंधे के खिलाफ कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी। महिलाओं ने आरोप लगाया था कि गांव के एक परिवार के कारण पूरा गांव बदनाम हो रहा है। गांव में लोग खुलेआम स्मैक पीते मिल जाएंगे। पुलिस भी इन लोगों से मिली है।
अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद पुलिस ने स्मैकियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया था। मंगलवार को आरोपी स्मैक विक्रेता पुलिस की गिरफ्त में आ गया। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।