ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर शाम नशे में धुत दो व्यक्तियों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। चीख पुकार सुन कर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर भाग निकले। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के कजराबाद गांव निवासी रीतेश कुमार किसी काम से कंदरावा चौराहे के पास गया था। जमुनियाहार निवासी दो युवक पहले से ही कंदरावां चौराहा स्थित सरकारी ठेके बैठकर शराब पी रहे थे। किसी बात पर दोनों में कहासुनी और फिर मारपीट होने लगी।
स्थानीय लोगों के बीच बचाव के बाद बाद मामला शांत हुआ। इस बीच दोनों शराबियों का बीचबचाव कराने वाले रीतेश से भी कहासुनी हुई। कुछ देर बाद दोनों युवक उसके घर पहुंचे और उसकी लाठी डंडों से जमकर पिटाई की।
घायल की पत्नी दीपलता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर अखिलेश कुमार व रंजीत के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।