खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में गुरुवार को खेत में काम कर रही महिला पर सूकर ने हमला बोल दिया। इससे वह घायल हो गई। सीएचसी के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खीरों थाना क्षेत्र के बिंदाखेड़ा मजरे बकुलिहा की रहने वाली गौरादेवी यादव (65) पत्नी श्रीकृष्ण यादव गुरुवार दोपहर खेत में काम कर रही थी। अचानक उस पर जंगली सूकर ने हमला कर दिया। शोर सुनकर पास के खेतों में मौजूद किसानों ने दौड़कर गौरा देवी को छुड़ाया।
सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने घायल गौरा देवी को सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। वन विभाग को सूचित कर जंगली सूकर को पकड़वाने का प्रयास किया जाएगा।