पकड़े गए बदमाशों के साथ पुलिस टीम।
- फोटो : RAIBARAILY
डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से जवाबी फायरिंग हुई। गनीमत रही कि फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार बदमाशों को दबोच लिया, जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस की मानें तो पकड़े गए बदमाश चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। ये लोग पहले भी जेल जा चुके हैं।
इनके पास से पुलिस ने अवैध असलहे बरामद किए हैं। डलमऊ कोतवाली में गुरुवार को सीओ अशोक सिंह ने बताया कि रात में मुखबिर से सूचना मिली कि शोभवापुर पुलिया के पास कुछ बदमाश छिपे हैं, जो लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना पर कोतवाल लालचंद्र सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आते देख बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की।
सीओ ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान लालगंज कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर भिचकौरा निवासी राज सिंह चौहान उर्फ राज, शिवम सिंह उर्फ लाल बादशाह बचोले, शोभवापुर निवासी अरविंद कुमार गौड़, सरेनी थाना क्षेत्र के हथनासा निवासी सौरभ सिंह को पकड़ा गया।
वहीं लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पांडेयपुर निवासी बाबू सिंह उर्फ रन बहादुर भाग गया, उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हम सब चोरी-लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैैं। हम लोग पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। बदमाशों के पास से दो तमंचे और कार बरामद हुई है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी राज सिंह चौहान और शिवम के खिलाफ तीन-तीन, जबकि सौरभ के खिलाफ दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों को जेल भेज दिया गया है।