डीह (रायबरेली)। चोरी की साजिश रच रहे तीन लोगों को पुलिस ने दबोच लिया। उनके पास से तीन चाकू, लोहे की राड समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस तीनों युवकों से पूछताछ कर रही है।
थानाध्यक्ष राकेश सिंह यादव ने बताया कि वह टीम के साथ क्षेत्र में वाहन की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बैरिहा गांव के गलथमना बाग में चोरी करने की साजिश रच रहे हैं।
इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी करके दबोच लिया। तलाशी लेने पर तीनों के पास तीन चाकू व लोहे की राड मिली है। पूछताछ में तीनों युवकों की पहचान रामसमुझ निवासी पूरे काजी परशदेपुर, संजय, प्रेमलाल निवासी पूरे खुशियाल मजरे बरुआ के रूप में हुई।