रायबरेली। दिवाली पर इस बार पटाखों का कारोबार डेढ़ करोड़ से अधिक का हो सकता है। महंगाई के बावजूद लोगों की भीड़ पटाखा खरीदने उमड़ रही है। जानकारों के मुताबिक रविवार से यहां ज्यादा भीड़ होने का अनुमान है। तेज आवाज और विदेशी पटाखों की बिक्री पर रोक की वजह से पटाखे के शौकीन परेशान हैं।
जिले में तीन दिन के लिए जीआईसी, गोराबाजार, आईटीआई और मुंशीगंज ग्राउंड में दुकानें लग गई हैं। शनिवार को पहला दिन होने से भीड़ कम रही, रविवार व सोमवार को भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। तेज आवाज और प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध है।
शांति क्षेत्रों में पटाखों के प्रयोग पर मनाही
पटाखों का प्रयोग शांत क्षेत्रों जैसे अस्पताल, शैक्षिक क्षेत्र, न्यायालय क्षेत्र से 100 मीटर की परिधि में करने पर रोक है। निर्देशों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई होगी।
यहां दें सूचना
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र चौबे का कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं। चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आग से संबंधित किसी हादसे की सूचना डायल-112 पर दी जा सकती है। जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454418669 पर भी फोन करके सूचना दी जा सकती है।
जिला अस्पताल व सीएचसी में पूरे बंदोबस्त
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेंद्र मौर्या ने बताया कि आतिशबाजी से होने वाले हादसों से निपटने के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पर्याप्त बंदोबस्त हैं। मरीज को नजदीकी सीएचसी या पीएचसी में लाया जा सकता है। 108 पर सूचना देकर एंबुलेंस सेवा का लाभ भी लिया जा सकता है।