सतांव। सहजौरा गांव में मंगलवार शाम पुलिस ने एक घर में छापा मारकर दो लाख रुपये कीमत के 216 किलो पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से नफीस और उसकी पत्नी मेहरून निशा को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि दंपती बिना लाइसेंस के घर में पटाखे बना रहे थे। दिवाली पर उनकी बिक्री की तैयारी कर रहे थे। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सहजौरा गांव निवासी नफीस के घर में भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। इससे किसी घटना की आशंका थी। सूचना पर गुरुबख्शगंज थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ घर पर छापा मारा।
सीओ ने बताया कि नफीस के घर से 19 बोरों में 216 किलो पटाखे बरामद हुए। इनकी कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है। नफीस और मेहरून निशा के बिना लाइसेंस घर में पटाखे बनाने और उनका भंडारण कर बिक्री की तैयारी करने की बात सामने आई है। हल्का दरोगा योगेश कुमार की तहरीर पर दंपती के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।