बच्चे को प्रमाण पत्र देते डीएम वैभव श्रीवास्तव।
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। कोरोना संक्रमण के दौरान जिले में अनाथ हुए 20 बच्चों को गुरुवार को चार-चार हजार रुपये प्रतिमाह की दर से तीन-तीन महीने का 12-12 हजार भरण पोषण भत्ता उनके खातों में दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वर्चुअल के माध्यम से मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का शुभारंभ किया।
कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में डीएम वैभव श्रीवास्तव ने योजना के तहत 20 बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का प्रमाणपत्र व चाकलेट आदि दिया। बच्चों व उनके अभिभावकों से उनकी पढ़ाई आदि की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि बच्चों को प्रति माह चार हजार रुपये दिए जाएंगे। एक बार में तीन महीने का 12 हजार रुपये बच्चों के खातों में सीधे भेजा जाएगा। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई के बारे में गंभीर रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए उनके स्तर से हर संभव मदद दिलाई जाएगी। कार्यक्रम में बछरावां विधायक राम नरेश रावत, नगर पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी कमलाकांत, बाल संरक्षण अधिकारी वीरेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।