रायबरेली। जिले के लिए शनिवार को राहत भरा दिन रहा। कई दिनों बाद कोरोना संक्रमित एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। साथ ही 4,643 लोगों की जांच में महज आठ लोगों की रिपोर्ट ही पॉजिटिव आई। पहले से संक्रमित 27 मरीजों ने कोरोना को मात दी। जिले में 202 एक्टिव मरीजों में 92 मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि शनिवार को कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है। रेल कोच फैक्टरी एल-2 में छह, एम्स के एल-3 अस्पताल में तीन मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिले में अलग-अलग टीमों ने पहुंचकर 4643 लोगों की कोरोना की जांच की, जिसमें मात्र आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पहले से कोरोना संक्रमित 27 मरीज स्वस्थ हो गए। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे घर से जब भी निकले, चेहरे पर मास्क जरूर लगाएं। बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी करना बहुत जरूरी है।