रायबरेली। कोरोना टीके की पहली डोज के लिए अब लोगों को सेंटर पर पहुंचने से पहले ही ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। हालांकि जिन लोगों को पहली डोज मिल चुकी है, उन्हें बूस्टर डोज के लिए पंजीयन कराने की जरूरत नहीं है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए टीकाकरण सेंटरों पर 10 मई तक ऑनलाइन पंजीयन करने की सुविधा को रोक दिया गया है।
एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि अभी तक टीकाकरण सेंटरों पर आधार कार्ड लेकर पहुंचने पर तत्काल पंजीयन की सुविधा उपलब्ध थी।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शासन स्तर से 10 मई तक पंजीयन की सुविधा को रोका गया है। 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोग जब भी टीके की पहली डोज लेने के लिए आएं तो वे पहले से ऑनलाइन पंजीयन करवा लें।
बिना पंजीयन के सेंटर पर टीके की सुविधा नहीं है। संक्रमण को देखते हुए सेंटरों पर पंजीयन नहीं हो रहा है, लेकिन घर से ही पंजीयन करवाएं। पंजीयन होने के बाद ही सेंटरों पर पहुंचकर कोरोना का टीका लगवा सकते हैं।
हालांकि जिन लोगों को कोरोना की पहली डोज मिल चुकी है, उन्हें पंजीयन कराने की जरूरत नहीं है। अपना कार्ड लेकर तय समय पर सेंटरों पर पहुंचकर टीका लगवा सकते हैं।