रायबरेली। कोरोना से होने वाली मौतों में रोजाना इजाफा हो रहा है। शनिवार को सात संक्रमित मरीजों ने दम तोड़ दिया। इनमें से छह मरीजाें का रेल कोच कारखाने के एल-टू अस्पताल में इलाज चल रहा था।
जबकि एक मरीज ने अस्पताल के गेट पर दम तोड़ दिया। वहीं एडीएम (वित्त एवं राजस्व) भी संक्रमित हो गए। सीटी स्कैन रिपोर्ट से वह पॉजिटिव पाए गए। शनिवार को एडीएम की पत्नी, दो बेटे व बेटी के अलावा 428 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए। एक मरीज ने अस्पताल के गेट पर ही दम तोड़ दिया। जिले में संक्रमित होने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 195 हो गई है। जिले में 4097 एक्टिव केस हैं।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिले के ऊंचाहार, निरालानगर, प्रगतिपुरम, आजाद नगर लालगंज, भीख जगतपुर, अंबेडकर नगर मोहल्ले के एक-एक मरीजों को एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान मरीजों की मौत हो गई। जबकि एक मरीज ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को जिले में 2162 लोगों की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर जांच की, जिसमें 428 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमित पाए गए मरीजों में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) प्रेम प्रकाश उपाध्याय की पत्नी, दो बेटे और बेटी भी शामिल हैं। जिले में 4097 एक्टिव मरीजों में 2787 मरीजों को होम आइसोलेट कराया गया है। पहले से संक्रमित 293 मरीज शनिवार को स्वस्थ होकर घर पहुंचे।
लॉकडाउन में भी 167 लोगों ने लगवाए टीके
शनिवार को लगे लॉकडाउन के बाद भी जिला अस्पताल टीका लगवाने के लिए 167 लोग पहुंचे। एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि जिला अस्पताल के सीएचओ हाल में कोरोना का टीका लगाया गया। शनिवार को 88 पुरुष और 79 महिलाओं ने पहुंचकर कोरोना का टीका लगवाया। उन्होंने बताया कि एक मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका लगवाने का मौका मिल जाएगा। अधिक से अधिक लोगों से टीका लगवाने की अपील की है।