बछरावां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने मंगलवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग की। केंद्र पर आशा बहुओं ने भी अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।संविदा कर्मियों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से नियमितीकरण का आश्वासन मिलने के बावजूद इसे पूरा नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन में डॉ. अभिलाषा भारद्वाज, डॉ. आरके सैनी, मोहसिन खान, धर्मेंद्र सिंह, आलोक अवस्थी, विकास कुमार सहित कई कर्मचारी शामिल रहे।
आशा बहुओं ने भी अस्पताल परिसर में नारेबाजी की। उनका मुख्य मुद्दा कम मानदेय और कार्यस्थल पर सुविधाओं की कमी था। आशा बहुओं को हर महीने वेतन देने की मांग की गई। उन्होंने अस्पताल में एक कमरे की व्यवस्था की भी मांग की। उन्होंने बताया कि उन्हें मिलने वाला 2000 रुपये का मानदेय महंगाई के इस दौर में बहुत कम है। प्रदर्शन में उषा त्रिवेदी, सुमन पटेल, गीता, अमिता सिंह, तुलसा देवी, शशिकांति और निशा सहित बड़ी संख्या में आशा बहू व संगिनी मौजूद थीं। (संवाद)