रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा की अपर मुख्य सचिव व जिले की नोडल अधिकारी आराधना शुक्ला ने रविवार को बचत भवन में अधिकारियों की क्लास ली। उन्होंने कहा कि सफाई का अभी बहुत काम बाकी है, लिए विशेष स्वच्छता अभियान को आगे भी जारी रखा जाए। सिर्फ दो दिन अभियान चलाकर इसे नहीं रोकना है। खासकर शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसमें कतई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव ने तीन दिन के भ्रमण के दौरान सलोन, डलमऊ, बछरावां आदि के क्षेत्रों सफाई व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर अभियान को आगे भी जारी रखने के आदेश दिए। उन्होंने नगर पालिका व नगर पंचायतों के ईओ को बारिश को देखते हुए सतर्कता बरतने के साथ ही गंदगी व जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के निर्देश दिए। विधायक राम नरेश रावत ने बताया कि बछरावां क्षेत्र के पानी में क्लोरीन की मात्रा ज्यादा है।
इस पर अपर मुख्य सचिव ने इस समस्या को दूर कराने के निर्देश दिए। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा श्रीवास्तव, जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार शर्मा, एडीएम प्रेम प्रकाश उपाध्याय, नगर पंचायतों के चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।