रायबरेली-शिवगढ़। जिले में बिजली समस्या से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। बुधवार को कई जगह उपभोक्ताओं ने कटौती के विरोध में उपकेंद्रों का घेराव किया। शिवगढ़ में किसानों ने एसडीओ पर अभद्रता का आरोप लगाया। हरचंदपुर में व्यापारियों ने एसडीओ को ज्ञापन सौंपा और बिजली कटौती पर नाराजगी जताई।
हरचंदपुर के व्यापारी नेता सरदार मंजीत सिंह, आशीष अवस्थी, उबैद अली, अनूप अवस्थी, मुकेश, शिव बाबू ने बताया कि अघोषित कटौती से कारोबार चौपट हो रहा है। रात में कई बार कटौती से लोगों की उड़ गई है। सभी ने उपखंड अधिकारी अखिलेश कुमार यादव को ज्ञापन सौंपकर कटौती बंद किए जाने की मांग की।
उधर, शिवगढ़ उपकेंद्र में अघोषित विद्युत कटौती, जर्जर लाइनें, क्षतिग्रस्त खंभे समेत अन्य समस्याओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। ब्लाॅक अध्यक्ष महादेव वर्मा ने उपखंड अधिकारी संजीव शर्मा पर अभद्रता का आरोप लगाया। इस मौके पर राजेश सिंह यादव, संगमलाल वर्मा, रामनरेश गौड़, लवकुश, रामकिशोर, देशराज मौजूद रहे।
रोस्टिंग व ट्रिपिंग से परेशान उपभोक्ता
बछरावां। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों का हाल बेहाल है। लो वोल्टेज व ट्रिपिंग से लोग बेहाल है। घरों में लगे बिजली उपकरण शोपीस बने हैं। बिशनपुर उपकेंद्र में समोधा, राजामऊ, चूरूवा ,जोहवाशर्की फीडर निकले हैं, जो ओवरलोड है। उपभोक्ता सूरज, भोला, शंकर, सत्यम ने बताया कि आठ से दस घंटे बिजली मिल रही है। रात में कई बार कटौती की जाती है। जेई रामनाथ ने बताया कि अघोषित कटौती ऊपर से की जाती है। लोकल स्तर पर कोई कटौती नहीं होती।
उपभोक्ताओं ने एक्सईएन को सौंपा ज्ञापन
ऊंचाहार। बिजली आपूर्ति बहाल न होने से परेशान पूरे अयोध्या मजरे अरखा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को अधिशासी अभियंता को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने आपूर्ति बहाल किए जाने की गुहार लगाई है। बुधवार को उपखंड कार्यालय पहुंचे गांव के रोहित, जयकरन, विनय, सुरेश कुमार, अमरजीत, श्यामू व विनोद ने बताया कि 15 दिन पहले आंधी से गांव में कई खंभे टूट गए थे। इसके बाद से बिजली गुल है। अधिशासी अभियंता उमेश कुमार ने बताया कि जल्द आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।