महराजगंज-इन्हौना मार्ग पर कैर गांव के पास निर्माणाधीन पुल।
रायबरेली। अमेठी जिले को जोड़ने वाले महराजगंज-इन्हौना राजमार्ग पर जर्जर पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पुल बनने से रायबरेली और अमेठी जिले की एक बड़ी आबादी को आवागमन में राहत मिलेगी। यह पुल जर्जर होने के साथ संकरा भी था। इस कारण आए दिन लोगों को जाम की परेशानी से जूझना पड़ता था।
शासन से स्वीकृत बजट मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने पुल को बनाने का काम शुरू कर दिया है। नए सिरे से पुल निर्माण कराने के लिए लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। इसके तहत चार करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जाएगा। अभी तक पुल की चौड़ाई छह मीटर थी, जिसे बढ़ाकर अब सात मीटर की जाएगी।
महराजगंज-इन्हौना राजमार्ग से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक लोग आवागमन करते हैं। अमेठी जिले के सेमरौता, इन्हौना, तिलोई, मोहनगंज जाने के लिए यह सीधा मार्ग है। छोटे और भारी वाहन भी इसी मार्ग से निकलते हैं। महराजगंज क्षेत्र के कैर गांव के पास से नइया नाला निकला है। इस नाले के ऊपर पुल बना था, जो जर्जर हो गया था। इस कारण दोनों तरफ से एक साथ भारी वाहनों के निकलने से लगने वाले जाम से आए दिन लोगों को परेशानी उठाना पड़ती थी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह ने बताया कि पुल का निर्माण शुरू करा दिया गया है। छह माह में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण पूरा होने के बाद पुल से आवागमन शुरू कराया जाएगा।