रायबरेली। दो करोड़ रुपये से स्वीकृत बेंद नाले के पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पुल पर से वाहनों का आवागमन बंद कराने के बाद शुक्रवार को पुराने पुल को तोड़ने का काम शुरू कराया गया। अब सभी वाहनों को निर्माणाधीन पुल के पास बनाए गए बाईपास से होकर आगे गंतव्य के लिए निकाला जा रहा है। इस मार्ग से फतेहपुर, लालगंज, डलमऊ के लिए छोटे और भारी वाहन निकलते हैं। पुल के निर्माण में छह माह का समय लगेगा। इसके बाद पुल से वाहन फिर फर्राटा भरने लगेंगे।
मुंशीगंज-डलमऊ राजमार्ग पर पुलिस चौकी बेंद के निकट बना पुल काफी दिनों से जर्जर था। इसके चलते छह माह पहले पुल पर से भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया था। शासन स्तर से जर्जर पुल को तोड़ कर नया पुल बनाने के लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया के बाद अब पुल का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। बाईपास बनने के बाद अब भारी वाहन भी निकलने लगे हैं।
बाईपास संकरा होने से परेशानी
वैकल्पिक तौर पर नाले में ह्यूम पाइप डालकर बाईपास का निर्माण कराया गया है। यह सकरा होने के कारण आमने-सामने से एक साथ भारी वाहन नहीं निकल पाते हैं। वाहन चालक छंगा, रोहित गुप्ता, अशोक तिवारी ने बताया कि पुल के निर्माण कार्य के दौरान गंतव्य तक पहुंचने के लिए जो बाईपास बना है। वह काफी सकरा है। इस पर गिट्टियां भी नहीं डाली गई हैं। इस कारण वाहनों के निकलने पर उड़ने वाली धूल लोगों को परेशान करती है।
सहायक अभियंता लोक निर्माण खंड प्रथम, मोहित यादव ने बताया कि छोटे और भारी वाहनों के आने-जाने के लिए निर्माणाधीन पुल के बगल से बाईपास बनाया गया है। धूल न उड़े, इसके लिए पानी का छिड़काव कराया जाएगा। यदि वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है, तो बाईपास में और ह्यूम पाइप डालकर चौड़ा कराया जाएगा, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न उठाना पड़े।