इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। एसपीजी ने पुलिस जवानों के साथ मिलकर किसी तरह मामला शांत कराया। मारपीट में दोनों तरफ से दो लोग घायल हुए हैं।
इस घटना से कुछ देर के लिए आवागमन ठप रहा। हालांकि मामले की कोई तहरीर अब तक थाने पर नहीं दी गई है। मारपीट करने वाले पूर्व ब्लॉक प्रमुख और एक एमएलसी के पक्ष के लोग बताए जा रहे हैं।
आरएस इंटर कॉलेज रमसापुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राहुल का काफिला जायस होते हुए आ रहा था। काफिले में आगे निकलने की होड़ को लेकर दो गाड़ियां आपस में टकरा गई।
इससे कांग्रेसियों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामूली सी बात को लेकर कांग्रेसियों में गालीगलौज होने लगी। यही नहीं एक-दूसरे की पिटाई भी करने लगे।
इससे वहां पर हड़कंप मच गया। इस दौरान एक पक्ष के 30 वर्षीय युवक सिंघानिया पर दूसरे पक्ष के लोगों ने ईंट से हमला बोल दिया। जिससे वह खून से लथपथ हो गया।
वहीं दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल हुआ, लेकिन वह मौके से भाग निकाला। एसपीसीजी व आरएएफ ने किसी तरह मामला शांत कराया। बाद में सीओ सलोन अल्का धर्मराज के अलावा अन्य थानों की पुलिस भी पहुंच गई।
घटना के चलते जायस-परैयानमकसार रोड पर कुछ देर तक आवागमन ठप रहा। घायल सिंघानिया को गाड़ी पर बैठाकर अस्पताल ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख और एक एमएलसी के तरफ के लोग विवाद करने वाले हैं। नसीराबाद थानेदार शैलेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि गाड़ी टकराने को लेकर विवाद हुआ था। दो लोगों को चोटें आई हैं।
मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन इस मामले की कोई तहरीर दोनों पक्षों की ओर से नहीं दी गई है। यदि तहरीर मिलेगी तो जांच कराकर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।