रायबरेली में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से मिलने आई एक फरियादी महिला से सीओ द्वारा अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पुलिस की यह करतूत सोमवार को उस समय उजागर हुई, जब डिप्टी सीएम कलेक्ट्रेट के बचत भवन में अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे और बाहर सीओ सदर महिपाल पाठक महिला को अपमानित कर रहे थे।
फरियादी महिला सीओ के सामने रोती हुई गिड़गिड़ाती रही और सीओ के सामने हाथ जोड़कर डिप्टी सीएम से मिलवाने की गुजारिश करती रही, लेकिन सीओ ने उसकी एक न सुनी। वो यह कहते हुए चले गए कि चल हट बकवास करती है। महिला के साथ सीओ के अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने से पुलिस विभाग की खूब किरकिरी हो रही है।
कलेक्ट्रेट के बचत भवन में डिप्टी सीएम एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा प्रशासनिक, पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बाहर उनकी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सदर क्षेत्राधिकारी महिला के साथ अभद्रता कर रहे थे। और फरियादी भी अपनी-अपनी फरियादें लेकर डिप्टी सीएम से मिलने पहुंचे थे।
फरियादियों को उन तक जाने नहीं दिया जा रहा था। जिले के गदागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रीतू सिंह भी अपनी फरियाद लेक पहुंची थी। महिला का आरोप था कि कुछ दिन पूर्व उसके गांव के नवनिर्वाचित प्रधान ने मारापीट की थी, लेकिन स्थानीय थाने की पुलिस मामले में प्रधान के विरूद्ध कार्रवाई नहीं कर रही।
इसी मामले को लेकर वह डिप्टी सीएम से मिलकर मदद मांगना चाहती थी। सीओ के अभद्र व्यवहार वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो पुलिस की हकीकत बयां कर रहा है।