रायबरेली। गोवंशों की मौत के मामले को सीएम योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। रविवार को सीएम ने न सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए गोवंशों के रखरखाव के बारे में पड़ताल की। यह भी जाना कि यहां पर अब तक कितने गोवंश की मौतें हुई हैं। सीएम ने डीएम को गोवंशों का बेहतर रखरखाव और भोजन, पानी समुचित मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
वीसी में डीएम नेहा शर्मा के साथ ही नगर पालिका, पशुपालन विभाग समेत कई अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि वीसी के जरिए सीएम ने यहां गोवंशों के हालात पर चर्चा की। सीएम को जानकारी दी गई है कि यहां पर अब तक नौ गोवंशों की मौत हो चुकी है। गोशालाओं में रहने वाले गोवंशों की अच्छी तरह से देखभाल करने के साथ ही चारा मुहैया कराया जा रहा है।