रायबरेली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में प्रसाधनों के निर्माण में परत दर परत खुल रही मनमानी की पोल पर जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के निर्देश पर गंगा कटरी के 29 गांवों में प्रसाधनों की जांच के आदेश दिए गए हैं। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारियों को प्रसाधनों की जांच करके रिपोर्ट देने को कहा है। जांच रिपोर्ट प्रभारी मंत्री को भेजी जाएगी।
गंगा किनारे बसे 29 गांवों में शत प्रतिशत प्रसाधनों का निर्माण कराकर उन्हें ओडीएफ घोषित किया गया था। प्रभारी मंत्री तक शिकायतें पहुंची कि घटिया प्रसाधनों का निर्माण कराकर गांवों को ओडीएफ घोषित किया गया है। तमाम लाभार्थियों के अब तक प्रसाधन तक नहीं बनवाए गए। शिकायतों पर गंभीर प्रभारी मंत्री ने सीडीओ को जांच कराकर रिपोर्ट देने के आदेश दिए।
प्रभारी मंत्री के आदेश पर सीडीओ ने लालगंज, सरेनी, ऊंचाहार, दीनशाह गौरा और डलमऊ के खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी करके प्रसाधनों की गुणवत्ता की जांच कराकर सात दिन में रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि प्रभारी मंत्री ने शिकायतों पर गंगा किनारे बसे गांवों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने प्रसाधनों की गुणवत्ता की जांच करवाकर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। मामले में सभी ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारियों को जांच कराकर सात दिन में रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।