रायबरेली में रविवार को अमर उजाला कार्यालय में आयोजित संवाद में जरूर डालेंगे वोट कहते हुए स्याही लगने वाली अंगुली दिखाती हुई महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव का डंका बजने के साथ ही महिलाओं के हित की बात सभी राजनीतिक दल कर रहे हैं। ऐसे में महिलाओं के अपने जनप्रतिनिधि चुनने को लेकर क्या विचार हैं, इसको लेकर ‘अमर उजाला’ ने रविवार को जेल गार्डेंन रोड स्थित कार्यालय में हमारा जनप्रतिनिधि कैसा हो, विषय पर महिलाओं का संवाद कराया।
इसमें सभी ने महिला उत्पीड़न पर नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसे जनप्रतिनिधि को चुनने की बात कही, जो स्वच्छ छवि का हो। शिक्षित और ईमानदार हो। धर्म, जाति और क्षेत्रवाद की राजनीति करने वाले को नहीं चुनना चाहिए।
कहा कि, जनप्रतिनिधि ऐसा हो जो महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ निष्पक्ष भाव से कार्य करे। हमारा जनप्रतिनिधि ऐसा हो, जो कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मजबूत इरादे रखता हो। हमारी जिम्मेदारी है कि ऐसे व्यक्ति को चुने जो महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा दे सके।
कहा कि, चुनाव एक महायज्ञ है। इसमें सभी मतदाताओं को आहुति देना जरूर चाहिए। सभी मतदाता पोलिंग वाले दिन पहले मतदान कर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। मतदान करना सबका संवैधानिक अधिकार है। इसका सभी को जरूर प्रयोग करना चाहिए।
हम जैसा बोएंगे, वैसा ही फल मिलेगा। अच्छे व्यक्ति को चुनेंगे, तो अच्छा माहौल मिलेगा, विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। जब विकास होगा तो समस्याएं भी दूर हो सकेंगी और सबका भविष्य अच्छा होगा।