वाहनों की तेज रफ्तार ने बाइक सवार दो लोगों की जान ले ली, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जगतपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। वहीं सलोन कोतवाली क्षेत्र में लोडर की टक्कर से बाइक सवार बेकाबू होकर रोडवेज बस के नीचे आ गया, इससे कुचल कर उसकी मौत हो गई।
हादसे से बाइक में आग लग गई, जिसे ग्रामीणों ने बुझाया। घायल युवक को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बताते हैं कि किसी भी बाइक सवारों ने हेल्मेट नहीं पहन रखा था। ऊंचाहार कस्बे का रहने वाला किराना व्यवसायी ज्ञानेंद्र मिश्र (35) बुधवार देर रात एक अन्य युवक के साथ बाइक से रायबरेली से घर जा रहा था।
जगतपुर थाना क्षेत्र में रायबरेली-इलाहाबाद हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने ज्ञानेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि साथी सुदामा (35) की हालत नाजुक देख डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
थानेदार बीएन शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। वाहन की तलाश की जा रही है। घायल कहां का रहने वाला है, इसका पता लगाया जा रहा है। उधर, सलोन कोतवाली क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी सत्येंद्र कुमार (25) गुरुवार सुबह अपने पिता श्रीराम को रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर बगहा चौराहे पर बस में बैठाकर लौट रहा था।
इसी दौरान गांव के पास ही पीछे से किसी अज्ञात लोडर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह बेकाबू होकर सामने से आ रही लालगंज डिपो की बस के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजनों ने उसे पीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताते हैं कि हादसे के दौरान बाइक में आग लग गई थी, जिसे ग्रामीणों ने बुझाया। थानेदार अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि बाइक सवार को टक्कर मारने वाला चालक लोडर लेकर फरार हो गया है। बस को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
राजापुर निवासी सत्येंद्र की शादी दो महीने पहले ही हुई थी। हादसे के बाद उसकी पत्नी पूनम का सुहाग उजड़ गया, वहीं परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। घर से रायबरेली के लिए निकले पिता श्रीराम को घटना का पता चला तो बेटे को देखने जिला अस्पताल पहुंचे। वहां बेटे का शव देख बिलख पड़े।